अल्मोड़ा-उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अनामिका सिंह द्वारा अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर दिनांक 1 मई 2026 को बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा में श्रमिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में उपस्थित श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सेवाएं) योजना 2015, न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, मजदूरी भुगतान अधिनियम, कर्मचारी मुआवजा अधिनियम, भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक अधिनियम, सामाजिक सुरक्षा कोड, निःशुल्क कानूनी सहायता, श्रमिक पंजीकरण, साप्ताहिक अवकाश तथा बाल एवं किशोर श्रम (निषेध एवं विनियमन) अधिनियम 1986 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (PoSH) अधिनियम 2013 के तहत अधिकारों और हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी साझा की गई। शिविर में आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी श्रमिकों को अवगत कराया गया तथा संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।कार्यक्रम में अभिलाषा इंटरप्राइजेज अल्मोड़ा के प्रबंधक वरुण सिंह एवं जीएम सतीश त्यागी भी उपस्थित रहे। वहीं अधिकार मित्रों की टीम दीपा आर्या, विनीता आर्या, संदीप सिंह नयाल, भावना तिवारी, नीमा बिनवाल, पंकज भगत, आशा भारती एवं गोविंदी बिष्ट द्वारा “श्रमिकों के अधिकार” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया गया।शिविर के माध्यम से श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रयास किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों द्वारा सराहना की गई।
