अल्मोड़ा-शहर के ढुंगाधारा क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक बैल गहरे नाले में फंस गया,जहां से उसका खुद बाहर निकल पाना संभव नहीं था।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पार्षद इन्द्र मोहन भंडारी ने तत्परता दिखाते हुए नगर निगम,आपदा प्रबंधन और फायर सर्विस को तत्काल सूचित किया।सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने निगम कर्मचारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।वहीं आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने फायर सर्विस के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।कुछ ही देर में तीनों विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।नाला गहरा होने और स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के कारण बैल को बाहर निकालना आसान नहीं था।इसके बावजूद टीमों ने सूझबूझ और सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया।इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया और बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संयुक्त प्रयासों के चलते काफी मशक्कत के बाद बैल को सुरक्षित नाले से बाहर निकाल लिया गया।रेस्क्यू के सफल होने पर मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और सभी विभागों की तत्परता की सराहना की।यह घटना एक बार फिर आपात स्थिति में पार्षद,प्रशासन और स्थानीय लोगों के बेहतर तालमेल का उदाहरण बनकर सामने आई। रेस्क्यू अभियान में पार्षद इंद्र मोहन भंडारी,स्थानीय निवासियों दीपक जोशी,देवाशीष नेगी,विक्रम बिष्ट,दीपक भंडारी,मदन कुंजवाल,चितरंजन नेगी,अंकित जोशी,मुन्ना बोरा,गोविंद मेहरा,मनीष तेवड़ी,दीपू भंडारी आदि सहित नगर निगम सह आयुक्त लक्ष्मण भंडारी, अमीन बसंत बल्लभ पांडे, हिमांशु उपाध्याय, आपदा प्रबन्धन कर्मचारियों एवं फायर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *