अल्मोड़ा-सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के विधि विभाग की बार काउंसिल ऑफ इंडिया मान्यता से जुड़े विवाद को लेकर शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने चौघानपाटा गांधी पार्क में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सतपाल सिंह बिष्ट का पुतला दहन कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही कुलपति से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने तथा सरकार से जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।युवा कांग्रेस का आरोप है कि बीसी मआई द्वारा 31 जुलाई 2026 तक आवश्यक औपचारिकताएं एवं संबद्धता संबंधी प्रक्रियाएं पूरी करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे,लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की कथित लापरवाही और गैर जिम्मेदाराना कार्यप्रणाली के कारण विधि विभाग की मान्यता संकट में पड़ गई। संगठन का कहना है कि इसका सीधा असर सैकड़ों विधि छात्रों के भविष्य पर पड़ा है।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं शोध छात्र (विधि) गोपाल भट्ट ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन समय पर आवश्यक कार्रवाई करता तो छात्रों का भविष्य संकट में नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी छात्रहितों की रक्षा करने में पूरी तरह विफल रहे हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने और छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।युवा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय बनने के बाद से संस्थान में लगातार अनियमितताएं बढ़ी हैं तथा यह पार्टी विशेष के लोगों का राजनीतिक अखाड़ा बनकर रह गया है।संगठन का आरोप है कि नियुक्तियों में मानकों की अनदेखी की गई है और कागजों में विकास कार्य दिखाए जा रहे हैं, जबकि परिसर आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है।छात्र संख्या में लगातार गिरावट पर भी संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की।प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, पूर्व प्रदेश महासचिव यूथ कांग्रेस गोपाल भट्ट,विधानसभा उपाध्यक्ष शशांक बिष्ट,रोहित पंत,सुमित जोशी,संतोष कुमार,रोहित थापा,कमलेश चुफाल,पीयूष जोशी,मयंक धामी,रोहित कुनियाल,मुकुल आर्या सहित युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *