























अल्मोड़ा-प्रेस को जारी बयान में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह ने कहा कि दीपावली का पर्व बिल्कुल नजदीक है और बाजारों में खरीदारी का महत्वपूर्ण समय चल रहा है। ऐसे समय में विद्युत विभाग द्वारा लगातार घंटों तक बिजली कटौती किया जाना व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है।त्योहारी सीजन में जब व्यापारियों को उम्मीद होती है कि बाजार में रौनक बढ़ेगी और उनका कारोबार बेहतर होगा, तब बार-बार बिजली गुल होने से व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। बिजली कटौती के कारण दुकानों में ग्राहकों को परेशानी हो रही है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।सबसे बड़ा सवाल यह है कि विद्युत विभाग को लाइनों की जांच और आवश्यक मरम्मत के कार्य त्योहारों से पहले ही पूरे कर लेने चाहिए थे। आखिर हर साल त्योहारों के समय ही विभाग को लाइनों की जांच और मरम्मत की याद क्यों आती है? इसकी पूर्व तैयारी समय रहते क्यों नहीं की जाती?दीपावली व्यापारियों के लिए साल का सबसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक अवसर है। ऐसे समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना विद्युत विभाग की जिम्मेदारी है। यदि विभाग की लापरवाही या समय पर तैयारी न होने के कारण व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है, तो इसकी जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग को लेनी चाहिए।व्यापार मंडल विद्युत विभाग से मांग करता है कि दीपावली तक बाजार में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और आवश्यक मरम्मत एवं जांच के कार्य समय रहते पूरे किए जाएं। यदि किसी कारणवश बिजली काटना आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना व्यापारियों को दी जाए और कटौती का समय न्यूनतम रखा जाए।त्योहारों के इस महत्वपूर्ण समय में व्यापारियों को राहत देने के बजाय उन्हें परेशानी में डालना उचित नहीं है। विद्युत विभाग को व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
