अल्मोड़ा-विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला गंगा सुरक्षा समिति और ग्रीन हिल्स ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के 10 विद्यालयों के 73 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता और रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में बिट्टू कर्नाटक मुख्य अतिथि रहे, जबकि डॉ. दुर्गापाल, उदय किरौला और डॉ. धारा बल्लभ पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पर्वतारोही अनुराग मालू और हर्षित रौतेला ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। ग्रीन हिल्स ट्रस्ट की मुख्य संयोजक डॉ. वसुधा पंत के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पोस्टर निर्माण और कहानी चित्रण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता की विषयवस्तु ‘हमारे भविष्य के लिए प्रकृति एवं जलवायु’ रही, जबकि कहानी चित्रण प्रतियोगिता का विषय ‘यदि हिमनद बोल सकते’ रखा गया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन उदय किरौला, डॉ. धारा बल्लभ पांडे, डॉ. यामिनी कांडपाल और हर्षिता बिष्ट ने किया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में मानस पब्लिक स्कूल के दक्षेश जोशी ने प्रथम, पाइनवुड स्कूल की जिया ने द्वितीय तथा पलक आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर वर्ग में रसिका डालाकोटी प्रथम, विवेकानंद इंटर कॉलेज के गौरव सिंह बोरा द्वितीय और यामिनी भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं। कहानी चित्रण प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में विवेकानंद इंटर कॉलेज की सिद्धि बिष्ट ने प्रथम, भावना जोशी ने द्वितीय तथा सोनम पिलख्वाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से हिमालयी पर्यावरण, जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के आयोजन में ग्रीन हिल्स ट्रस्ट के दीपक जोशी, मनोज गुप्ता, भूषण पांडे, डॉ. दीपा गुप्ता और मीता उपाध्याय सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *