




अल्मोड़ा-उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा के अध्यक्ष जिला जज श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में शुक्रवार को विधि संकाय सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुलपति प्रो सतपाल सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहे।शिविर का आयोजन JGARITI Scheme एवं Youth and Nation Building, An Interdisciplinary Perspective के अंतर्गत किया गया।शिविर का शुभारंभ नालसा के थीम गीत ‘एक मुट्ठी आसमान’ के साथ हुआ। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अनामिका सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के गठन और उद्देश्यों की जानकारी दी।उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम के तहत उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता, प्री-लिटिगेशन सेवाएं, स्थायी लोक अदालत सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया। साथ ही क्रिमिनल लॉ, कम्युनिकेशन स्किल, सीआरपीसी एवं भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी गई।अधिवक्ता श्रीमती भावना जोशी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं से कानून की जानकारी हासिल कर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।शिविर में विधि संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. ए.के. नवीन, प्रो. अरशद हुसैन सहित संकाय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
