




अल्मोड़ा-अल्मोड़ा स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में आज केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने उत्तराखंड विद्यालयी प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ किया। 15 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग आठ जनपदों की टीमें अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक तथा बालिका वर्ग में प्रतिभाग कर रही हैं।केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन,आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने तथा निरंतर अभ्यास और मेहनत से प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 बालक वर्ग में पौड़ी ने बागेश्वर को 12–2 से पराजित किया। इसी वर्ग के दूसरे मुकाबले में देहरादून ने टिहरी को 27–8 से हराकर जीत दर्ज की। अंडर-14 बालिका वर्ग में पौड़ी ने बागेश्वर को 30–4 से तथा देहरादून ने अल्मोड़ा को 18–2 से पराजित किया। मुकाबलों के संचालन में निर्णायकों एवं खेल शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।इस अवसर पर उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल, उत्तराखंड युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन सिंह लटवाल, नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट एवं जिला खेल समन्वयक नवीन लाल वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
