अल्मोड़ा-बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल अल्मोड़ा में आयोजित दो दिवसीय अंतरविद्यालयी बास्केटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को उत्साह और उमंग से भरे माहौल में भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बियरशिबा स्कूल ‘ए’ और स्टेडियम ‘ए’ की टीमों के बीच रोमांचक एवं कांटे की टक्कर देखने को मिली।शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्टेडियम ‘ए’ ने मुकाबला अपने नाम कर टूर्नामेंट की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, चुस्ती-फुर्ती, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया। विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिससे दर्शकों में भी खासा उत्साह बना रहा।समापन समारोह के मुख्य अतिथि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के मुख्य खेल अधिकारी,बीसीसीआई (लेवल-2) कोच एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच लियाकत अली खान रहे।उन्होंने विजेता टीम सहित सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल प्रतिभा की सराहना की।अपने प्रेरणादायी संबोधन में श्री खान ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है। खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाने और उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, सहयोग और टीम भावना का अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया। सफल आयोजन से विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ा।इस अवसर पर विद्यालय की अकादमिक डायरेक्टर दीपिका विल्सन एवं उपप्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अंत में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *