

अल्मोड़ा-जिला व्यापार मंडल,नगर व्यापार मंडल अल्मोड़ा एवं समस्त व्यापारियों ने वरिष्ठ व्यापारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता किशन गुरुरानी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर आयोजित शोक सभा में व्यापारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि कुछ व्यक्तित्व केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपने कर्म,व्यवहार, सेवाभाव और सामाजिक योगदान से संस्था और समाज के लिए प्रेरणा बन जाते हैं। किशन गुरुरानी भी ऐसे ही व्यक्तित्व थे।उनके आकस्मिक निधन को व्यापार जगत और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
वक्ताओं ने कहा कि किशन गुरुरानी ने अपने लंबे व्यापारिक एवं सामाजिक जीवन में व्यापार मंडल को मजबूती प्रदान करने तथा व्यापारियों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया।संगठन के प्रति उनका समर्पण,सरल स्वभाव,मधुर व्यवहार और सहयोग की भावना सदैव याद की जाएगी।उन्होंने व्यापारियों के बीच आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि किशन गुरुरानी के निधन से व्यापार मंडल परिवार ने अपना एक मार्गदर्शक और सहयोगी खो दिया है।उनका जाना ऐसी कमी छोड़ गया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।हालांकि वे आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनके विचार, कार्य और स्मृतियां हमेशा व्यापार मंडल परिवार और उनसे जुड़े लोगों के बीच जीवित रहेंगी।
शोक सभा में उपस्थित व्यापारियों ने कहा कि किशन गुरुरानी का जीवन समाज और व्यापारिक संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्य आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे।इस दौरान जिलाध्यक्ष सुशील साह, जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी, कार्यकारी अध्यक्ष संजय अग्रवाल, संयुक्त महामंत्री दिनेश मठपाल, महिला उपाध्यक्षा अनीता रावत, शोभा जोशी, राकेश तिवारी, ज्योति कपूर, प्रकाश बिष्ट, अशोक गोस्वामी, हिमांशु पेटशाली, संजीव गुप्ता, कमल तिवारी, अमन नज्जौन, नरेंद्र कुमार (विक्की), अमन अंसारी, कार्तिक साह, प्रत्येश पांडे, नगर महासचिव वकुल साह, नगर उपाध्यक्ष मुकुल तिवारी, गोविन्दपुर अध्यक्ष कैलाश तिवाड़ी, यश भट्ट, दानिश खान, मनोज वर्मा, राजेंद्र प्रसाद, दीपक नायक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।अंत में व्यापार मंडल परिवार ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं समस्त व्यापार मंडल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
