अल्मोड़ा-विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को वन विभाग की ओर से जनपद में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम प्रकृति से प्रेरित जलवायु के लिए,हमारे भविष्य के लिए के तहत पर्यावरण संरक्षण,स्वच्छता और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।इस अवसर पर जागेश्वर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।कार्यक्रम में जागेश्वर विधायक मोहन सिंह मेहरा,सिविल सोयम वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार,जागेश्वर वन क्षेत्र के अधिकारियों, मंदिर समिति के सदस्यों, पीएम राजकीय इंटर कॉलेज गढ़ूड़ाबांज के प्रधानाचार्य एवं छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम में आरईसीएपी4एनडीसी परियोजना से जुड़े विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सहभागिता की।प्रतिभागियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लेते हुए पौधे रोपे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों ने स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *