अल्मोड़ा-जनपद अल्मोड़ा के वाहन स्वामियों एवं संचालकों को फिटनेस जांच के लिए हो रही परेशानियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।उन्होंने मांग की है कि जब तक अल्मोड़ा में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन पूर्ण रूप से स्थापित एवं सुचारू रूप से संचालित नहीं हो जाता तब तक वाहनों की फिटनेस जांच की मैनुअल व्यवस्था पूर्ववत जारी रखी जाए।मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में महेश नयाल ने कहा कि इससे पूर्व भी उन्होंने 19 जनवरी 2026 को अल्मोड़ा में वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर ए टी एस के स्थान पर मैनुअल व्यवस्था जारी रखने के संबंध में पत्र भेजा था।वाहन स्वामियों एवं टैक्सी संचालकों की समस्याओं को देखते हुए उस समय सरकार द्वारा प्रयास कर छह माह के लिए मैनुअल फिटनेस व्यवस्था जारी रखने का आदेश किया गया था।उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद अल्मोड़ा में ए टी एस की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण वाहनों को फिटनेस जांच के लिए हल्द्वानी स्थित ए टी एस केंद्र ले जाना पड़ रहा है। इससे वाहन स्वामियों को अतिरिक्त समय, ईंधन,चालक एवं अन्य खर्चों का भार उठाना पड़ रहा है। पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी तक वाहनों को ले जाने के कारण वाहन संचालन भी प्रभावित हो रहा है।पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई वाहनों के परमिट केवल जनपद अल्मोड़ा तक सीमित हैं। इसी प्रकार विद्यालयी बसों के परमिट भी जिला स्तर के होने के कारण उन्हें फिटनेस के लिए जिले से बाहर ले जाना व्यावहारिक रूप से कठिन हो रहा है। पर्वतीय मार्गों पर इन वाहनों को लंबी दूरी तक ले जाने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।महेश नयाल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पर्वतीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों एवं वाहन स्वामियों की व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए अल्मोड़ा आर टी ओ में ए टी एस की स्थापना होने तक मैनुअल फिटनेस जांच की अनुमति जारी रखी जाए।इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से जनपद अल्मोड़ा में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की स्थापना एवं संचालन शीघ्र सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का भी अनुरोध किया है।महेश नयाल ने कहा कि ए टी एस की सुविधा उपलब्ध होने तक मैनुअल फिटनेस व्यवस्था जारी रहने से जिले के वाहन स्वामियों, टैक्सी संचालकों, विद्यालयी वाहन संचालकों सहित आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही अल्मोड़ा में ए टी एस शीघ्र शुरू होने से भविष्य में फिटनेस जांच के लिए वाहनों को जिले से बाहर ले जाने की समस्या का स्थायी समाधान भी हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *