अल्मोड़ा-पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक (पीपीआईडी) ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करने की बात कही है। पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता बी. डी. बोरकर ने द्वाराहाट स्थित पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में पार्टी जनता को तीसरा विकल्प देगी। बोरकर ने कहा कि भारतीय संविधान समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय पर आधारित समाज की परिकल्पना करता है, लेकिन संविधान लागू होने के 76 वर्ष बाद भी देश में इन मूल्यों को पूरी तरह लागू नहीं किया जा सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक सत्ता में रही कांग्रेस और भाजपा की सरकारें इसके लिए जिम्मेदार हैं। उनके अनुसार, आज देश में महिलाएं, मजदूर, किसान और युवा बदहाल स्थिति में हैं, जबकि जातिवाद और सांप्रदायिकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना के अनुरूप व्यवस्था लागू की गई होती तो भारत विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल हो सकता था। बोरकर ने बताया कि इन समस्याओं से लोगों को निजात दिलाने के उद्देश्य से पीपीआईडी का गठन किया गया है और पार्टी संगठन 24 राज्यों में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। बोरकर ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी की चुनावी तैयारियां चल रही हैं। जनता का समर्थन मिलने पर पार्टी पलायन रोकने और महिलाओं, मजदूरों, किसानों तथा प्रशिक्षित बेरोजगारों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने का भी दावा किया। पत्रकार वार्ता में एडवोकेट डॉ. प्रमोद कुमार, प्यारेलाल, हरीश आगरी, चंदन कुमार और प्रकाश आगरी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *