

अल्मोड़ा-पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं अल्मोड़ा के पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान सोमवार को दर्जनों ग्रामीणों के साथ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय पहुंचे और वर्ष 2017 में स्वीकृत सड़कों का आज तक निर्माण कार्य शुरू न होने पर विभाग के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने इसे विभागीय लापरवाही बताते हुए तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।चौहान ने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान उनके प्रयासों से क्षेत्र की अनेक महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों को स्वीकृति मिली थी। इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन विभाग की उदासीनता और लापरवाही के कारण आज भी आधा दर्जन से अधिक सड़कें धरातल पर नहीं उतर सकी हैं।उन्होंने कहा कि वर्षों बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं तथा लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने भी विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलते हैं। उन्होंने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग उठाई।इस दौरान रघुनाथ सिंह चौहान ने विभागीय अधिकारियों से जनहित को प्राथमिकता देते हुए सभी लंबित सड़कों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अब भी विभाग ने उदासीन रवैया अपनाया तो इसे कदापि स्वीकार्य नहीं किया जाएगा एवं जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।उन्होंने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है और इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनहित सर्वोपरि है और क्षेत्र की जनता को उनका अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा। पूर्व विधायक के साथ लोक निर्माण विभाग पहुंचने वालो में प्रधान प्रतिनिधि चंदन सिंह, मोहित बिष्ट, जीवन सिंह, कमल सिंह, नंदन सिंह, रोहित सिंह, पूर्व प्रधान किशन सिंह बिष्ट आदि दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
