




अल्मोड़ा-रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बियरशिबा विद्यालय अल्मोड़ा के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी अध्यापिकाओं लीला आर्या एवं निर्मला पांडे के साथ एसएसबी कैंपस पहुंचकर देश की सुरक्षा में समर्पित एसएसबी जवानों की कलाई पर प्रेम और सम्मान की राखी बांधी।विद्यार्थियों द्वारा स्वयं बनाई गई आकर्षक एवं मनमोहक राखियां इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं।यह कार्यक्रम एसएसबी कैंपस में सेकंड इन कमांडेंट तपन के दास के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित रूप से किया गया।विद्यार्थियों ने जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान,स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की तथा देश की रक्षा के लिए उनके समर्पण को नमन किया।इस अवसर पर एसएसबी के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय संवाद भी किया।अधिकारियों ने बच्चों से उनके लक्ष्य, भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए किन-किन बातों की आवश्यकता है जैसे अनेक प्रश्न पूछे।बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए और अपने सपनों को अधिकारियों के साथ साझा किया।एसएसबी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को एसएसबी में अपनाए जाने वाले अनुशासन,नियमों,कर्तव्यों एवं देशसेवा की भावना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक सैनिक के जीवन में अनुशासन, जिम्मेदारी,साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का विशेष महत्व होता है।इस अवसर पर बच्चों और एसएसबी जवानों के बीच स्नेह एवं आत्मीयता का सुंदर वातावरण देखने को मिला।विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल रक्षाबंधन की परंपरा को जीवंत किया बल्कि देश की रक्षा में लगे जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को भी अनुभव किया। यह अवसर विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय रहा।इस अवसर पर विद्यालय की निर्देशिका दीपिका विल्सन, उप प्रधानाचार्य हरीश कांडपाल,विद्यालय प्रबंधन समिति की संस्थापक प्रबंधक निरुपमा भट्ट तलवार,सचिव तिलक राज तलवार,अध्यक्ष निरूपेंद्र तलवार एवं मुस्कान तलवार द्वारा एसएसबी के सभी जवानों को राखी के शुभ अवसर पर अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की गई।
