



अल्मोड़ा-सोमेश्वर में स्कूली बच्चों के विद्यालय से बाहर टेबल टेनिस खेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद खेल सुविधाओं को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने इसे क्षेत्र में खेल सुविधाओं की बदहाली बताते हुए सरकार और खेल मंत्री पर सवाल उठाए।वहीं जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने मामले की तथ्यात्मक जानकारी सामने रखते हुए कहा है कि राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर में टेबल टेनिस खेलने की सुविधा पहले से उपलब्ध है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज ने कहा कि शहीद बिशन सिंह बोरा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर के कक्षा आठवीं और नौवीं के दो प्रतिभावान विद्यार्थी टेबल टेनिस के खिलाड़ी हैं।उनके अनुसार विद्यालय में अभ्यास करने के बावजूद विद्यालय से बाहर समुचित सुविधा नहीं होने के कारण रविवार को बच्चों को त्रिवेणी घाट सोमेश्वर में उस स्थान पर अभ्यास करना पड़ा जहां शव रखे जाते हैं।भोज ने कहा कि यह स्थिति क्षेत्र में खेल सुविधाओं की वास्तविक तस्वीर को सामने लाती है।भोज ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से सोमेश्वर विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाली सरकार में खेल मंत्री का अपना विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल हॉल, नियमित प्रशिक्षक और पर्याप्त अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है।उन्होंने सरकार से सोमेश्वर में आधुनिक इंडोर खेल परिसर स्थापित करने तथा टेबल टेनिस सहित अन्य खेलों के लिए आवश्यक संसाधन और नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग की।इधर जिलाधिकारी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने प्रकरण की जांच की।सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तथ्यात्मक जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।जिला शिक्षा अधिकारी रवि मेहता ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर में टेबल टेनिस खेलने की सुविधा उपलब्ध है।उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय समय के बाद विद्यार्थियों को उपलब्ध टेबल टेनिस सुविधा का उपयोग करने के संबंध में विद्यालय को अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था।ऐसे में वीडियो को विद्यालय में खेल सुविधा नहीं होने अथवा अन्य भ्रामक संदर्भ से जोड़कर प्रचारित करना तथ्यात्मक रूप से उचित नहीं है।शिक्षा विभाग के अनुसार प्रशासन और विभाग बच्चों के खेल तथा उनके सर्वांगीण विकास के प्रति गंभीर हैं।विद्यालयों में उपलब्ध खेल सुविधाओं के बेहतर उपयोग और विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।विद्यार्थियों को आवश्यकता के अनुसार विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करने का अवसर दिया जाएगा।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी वीडियो या सामग्री को बिना तथ्यात्मक जानकारी के भ्रामक संदर्भ में प्रचारित नहीं किया जाना चाहिए।जांच के दौरान कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा वीडियो को गलत संदर्भ के साथ प्रस्तुत किए जाने की बात सामने आई है।हालांकि पूरे मामले ने सोमेश्वर में खेल सुविधाओं और उनके उपयोग को लेकर एक अहम सवाल जरूर खड़ा किया है।एक ओर शिक्षा विभाग विद्यालय में टेबल टेनिस की सुविधा उपलब्ध होने की बात कह रहा है तो दूसरी ओर बच्चों के विद्यालय से बाहर अभ्यास करने की तस्वीरें सामने आई हैं।ऐसे में जरूरत इस बात की है कि उपलब्ध खेल सुविधाओं का विद्यार्थियों को नियमित और सहज उपयोग मिले।साथ ही क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं के लिए अतिरिक्त प्रशिक्षण और बेहतर अभ्यास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए,ताकि प्रतिभावान बच्चों को सुविधाओं के अभाव में कहीं और अभ्यास करने के लिए मजबूर न होना पड़े।
