

अल्मोड़ा- नगर के जय गोलू बिलियर्ड्स में आयोजित स्नूकर टूर्नामेंट का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ।प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता कैलाश शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी, पार्षद नवीन आर्य, भारतीय जनता युवा मोर्चा अल्मोड़ा के जिला महामंत्री चन्दन बहुगुणा तथा मंडल उपाध्यक्ष जगत भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।मुख्य अतिथि कैलाश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि स्नूकर जैसे इंडोर खेल मानसिक एकाग्रता, रणनीतिक सोच और धैर्य को विकसित करते हैं।ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जिले में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत करेंगी तथा नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद युवाओं को खेलों से जोड़ने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।समाज के सभी वर्गों को ऐसे आयोजनों में सहयोग देना चाहिए ताकि अधिक से अधिक युवा खेलों की ओर आकर्षित हों और प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।विशिष्ट अतिथियों ने भी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं लेकिन अनुशासन,समर्पण और निरंतर अभ्यास ही एक खिलाड़ी को सफलता के शिखर तक पहुंचाते हैं।उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया।टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी,युवा खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिता की सफलता की कामना की।आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और नई प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन निरंतर किया जाएगा।









