अल्मोड़ा-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अल्मोड़ा पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.24 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.87 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक योगेश चंद्र उपाध्याय और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में कोतवाली अल्मोड़ा एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गंगनाथ मंदिर के पास संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.24 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय लोकेश मेहता पुत्र स्वर्गीय हरीश सिंह, निवासी शिव मंदिर के पास, एनटीडी, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2022 और 2023 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। वर्तमान गिरफ्तारी के साथ उसके खिलाफ नशा तस्करी का तीसरा मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने बताया कि बरामद स्मैक के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों तक भी पहुंचा जा सके। कार्रवाई करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक नीरज सिंघल, हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला, कांस्टेबल राकेश खेतवाल तथा कांस्टेबल विमल टम्टा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *