
अल्मोड़ा-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने अल्मोड़ा दौरे के दौरान धौलादेवी विकासखंड के जागनाथ इंटर कॉलेज शौखियाथल के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।मुख्यमंत्री ने विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण,स्टाफ कक्ष निर्माण, चाहरदीवारी निर्माण तथा शारीरिक शिक्षक के पद के क्रियान्वयन की घोषणा की।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।लंबे समय से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी जिसे मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए पूरा करने की घोषणा की।विद्यालय में नए कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा,जबकि स्टाफ कक्ष एवं चाहरदीवारी के निर्माण से विद्यालय की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।साथ ही शारीरिक शिक्षक के पद के क्रियान्वयन से विद्यार्थियों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा।पूर्व भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धौलादेवी क्षेत्र लंबे समय से शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार की अपेक्षा कर रहा था।मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में भी शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।उन्होंने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने के बाद जागनाथ इंटर कॉलेज शौखियाथल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की शैक्षिक गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए इसे धौलादेवी क्षेत्र के शैक्षिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।विदित हो कि इस विद्यालय में अधिकांश विद्यार्थी भैंसियाछाना ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम धोलनेली, तिरनेली निशनेली थाला बोढ़ा थिकलना ऐरी खान, कटोजिया पभ्या,धोनी से अध्ययन करने आते हैं।साथ ही धौला देवी के नैनी,भगरतोला,अंडोली, जागेश्वर,लछनाखाली,मन्तोला सुरई आदि ग्रामों के विद्यार्थी भी विद्या अध्ययन के लिए आते हैं।मुख्यमंत्री घोषणा से दर्जनों गांवों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।विद्यालय की सुविधाओं में विस्तार करने के लिए स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं इस हेतु लंबे समय से विशेष प्रयास करने वाले पूर्व भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल का आभार व्यक्त किया।अभिभावकों ने कहा कि इन सुविधाओं से उनके पाल्यों को शिक्षा अर्जन के दौरान सहूलियत होगी।

