अल्मोड़ा-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अल्मोड़ा ग्रामीण मंडल के ग्राम माल (तल्ली माल आंगनबाड़ी), हवालबाग में बाल विकास परियोजना, हवालबाग की ओर से ‘आंगन मिलन स्वस्थ बचपन, सशक्त भविष्य’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने प्रतिभाग कर नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद किया तथा उन्हें आवश्यक सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर बाल विकास, पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य कर रहीं आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र विकास को लेकर जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। बड़ी संख्या में बच्चों और अभिभावकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि स्वस्थ बचपन ही सशक्त और आत्मनिर्भर समाज की आधारशिला है। बच्चों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में इन कार्यकत्रियों द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई जा रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए अनेक योजनाओं के माध्यम से बाल विकास को मजबूत किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार महिला एवं बाल विकास तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।गंगा बिष्ट ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का संकल्प है। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ महिलाओं को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी सेवाएं समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।कार्यक्रम के दौरान बच्चों और अभिभावकों को पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों ने बाल विकास और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *