अल्मोड़ा-सेवा,सुशासन एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद अल्मोड़ा में शनिवार को सेवा पखवाड़े का भव्य शुभारंभ हुआ।जनपद स्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।इस कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित विशेष करियर काउंसलिंग सत्र रहे।इन सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं सफल उद्यमियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।जिला प्रशासन द्वारा की गई इस खास पहल के अंतर्गत काउंसलिंग सत्रों में उद्यमियों ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों,व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया तथा नवाचार के महत्व से अवगत कराया।वहीं विशेषज्ञों ने भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को सेना में भर्ती की तैयारी, आवश्यक योग्यताओं एवं अनुशासन के महत्व की जानकारी दी।इसके अलावा प्रशासनिक सेवाओं में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को आईएएस एवं पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं की तैयारी, अध्ययन रणनीति तथा सफलता के सूत्र बताए गए।पर्यटन की अपार संभावनाओं वाले अल्मोड़ा जनपद को ध्यान में रखते हुए पर्यटन विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी तथा स्थानीय संसाधनों को आजीविका से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। करियर काउंसलिंग सत्रों को लेकर छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला।उन्होंने इसे अपने भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *