अल्मोड़ा-भैंसियाछाना विकासखंड के हरड़ा गांव के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की असामयिक मृत्यु पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।उन्होंने इस हृदयविदारक दुर्घटना पर दुख जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भैयादूज जैसे पावन पर्व पर अपने मायके से त्योहार मनाकर घर लौट रही मां-बेटी सहित तीन लोगों का इस तरह असमय काल के ग्रास बन जाना अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण है।त्योहार की खुशियां मनाकर लौट रहे परिवार के साथ हुई इस दुखद घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।एक मां और उसकी मासूम बेटी का इस तरह दुनिया से चले जाना किसी भी परिवार के लिए कभी न भर पाने वाला दुख है।उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही जनहानि बेहद चिंताजनक है। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें संकरी, घुमावदार और कई स्थानों पर जोखिमभरी हैं।ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।विधायक ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले तीनों लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से क्षेत्र ने तीन अनमोल जीवन खो दिए हैं। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *