










सोमेश्वर-कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या ने शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा और धन्यवाद रैली में जनता का आभार जताया। रैली में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान रेखा आर्या भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में क्षेत्र की जनता ने जिस तरह उन पर विश्वास जताया और स्नेह व अपनत्व दिया है, वह उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। जनता का समर्थन ही उनकी ताकत है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा क्षेत्र और प्रदेश के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम किया है और आगे भी सोमेश्वर के विकास तथा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगी। रेखा आर्या ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। कांग्रेस को बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उसने सोमेश्वर और प्रदेश के विकास के लिए क्या काम किए और उसके कार्यकाल में कितने घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सवालों से उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता कमजोर नहीं होगी। उनके लिए राजनीति का उद्देश्य पद हासिल करना नहीं, बल्कि जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास करना है। चुनौतियों और बाधाओं के बावजूद वह अपने दायित्वों से पीछे नहीं हटेंगी। सोमेश्वर की जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोमेश्वर मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, गणेश जलाल, दीपक बोरा, हरीश परिहार, वंदना आर्या, खड़क सिंह और अंजलि जोशी, दिनेश वर्मा, राजू रावत, गणेश रोतेला सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
