सोमेश्वर/अल्मोड़ा-कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति के मामले को लेकर मंगलवार को सोमेश्वर में विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने जुलूस निकालकर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग उठाई।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के विकास के नाम पर जनता को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी हो रही है जबकि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अवैध संपत्ति के मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए। जुलूस स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हुकुम सिंह बोरा के स्मारक से शुरू हुआ और मुख्य बाजार, चौराहे समेत नगर के प्रमुख मार्गों से होकर रेखा आर्य के घर तक पंहुचा।इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेखा आर्या के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।जुलूस के समापन पर सोमेश्वर चौराहे पर जनसभा आयोजित की गई।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ अजय पाल ने अपने संदेश में कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र में सड़क,पेयजल,स्वास्थ्य,शिक्षा और खेल सुविधाओं को लेकर लोगों की समस्याएं बनी हुई हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि यदि क्षेत्र के विकास कार्यों और संसाधनों के इस्तेमाल में अनियमितताएं हुई हैं तो उनकी जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने कहा कि 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति से जुड़े आरोप गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के सामने पूरे मामले की सच्चाई आनी चाहिए।यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।वहीं पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी ने कहा कि सोमेश्वर की जनता अपने क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जवाब चाहती है।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क,अस्पताल, आधुनिक स्कूल,खेल मैदान और पेयजल जैसी सुविधाएं जनता की जरूरत हैं।कथित संपत्ति के मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए,ताकि जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके।जनसभा में स्थानीय महिलाओं और अन्य वक्ताओं ने भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के हिस्से के विकास कार्यों की अनदेखी की गई है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल कथित संपत्ति तक सीमित नहीं है,बल्कि क्षेत्र में विकास कार्यों की प्राथमिकता और संसाधनों के इस्तेमाल से जुड़े सवाल भी इससे जुड़े हैं।वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन और जनसभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज,पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी,पूर्व ब्लाक प्रमुख रमेश भाकुनी,जिला पंचायत सदस्य कुंदन भंडारी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट,युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भुवन दोसाद,किशोर नयाल,पूर्व प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रकाश खाती,महिला मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमा बोरा,न्याय पंचायत अध्यक्ष श्याम सिंह दोसाद,हीरा मेहरा,जिला महामंत्री निर्मल रावत,राहुल आर्य,राजेंद्र सिंह, अमित कुमार,एनएसयूआई अध्यक्ष कैलाश कुमार,विजय सैजारी और अधिवक्ता नवल जोशी सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *