अल्मोड़ा-भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक के मामलों पर लिए गए सख्त निर्णय का स्वागत करते हुए इसे देश के करोड़ों विद्यार्थियों के हित में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम बताया है।नमन गुरुरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इसी प्रतिबद्धता के अनुरूप पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को शीघ्र कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्टों के गठन का निर्णय लिया गया है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन लाखों मेहनती विद्यार्थियों के विश्वास को और अधिक मजबूत करेगा जो अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश का भविष्य गढ़ने का सपना देखते हैं।प्रधानमंत्री का यह संदेश कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा,यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार भ्रष्टाचार और परीक्षा माफियाओं के विरुद्ध पूरी दृढ़ता के साथ खड़ी है।नमन गुरुरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार ऐसी व्यवस्था विकसित कर रही है,जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहे तथा प्रत्येक छात्र को समान अवसर प्राप्त हो।उन्होंने प्रधानमंत्री के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सरकार के प्रत्येक सकारात्मक कदम के साथ मजबूती से खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *