
पिथौरागढ़-बरम-कनार सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान स्थित अधिसूचित धरना-प्रदर्शन स्थल पर ग्रामीणों द्वारा पिछले कई दिनों से चलाया जा रहा धरना आज समाप्त हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं जिला प्रशासन को निर्देश दिये गए हैं कि ग्रामीणों की मांग के सभी पहलुओं को देखते हुए सकारात्मक कार्यवाही प्राथमिकता से पूरी की जाए। इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं।प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि सड़क निर्माण से संबंधित प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन उनकी मांगों के प्रति गंभीर है और प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशानुसार आज अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, अधिशाषी अभियंता पीएमजीएसवाई धारचूला किशन सिंह ऐरी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में धरनारत ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यवाही पर संतोष व्यक्त करते हुए अपना धरना समाप्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में आगे की कार्यवाही के लिए भी निर्देशित किया गया है, कि सभी औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए।ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर शासन और जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों तथा उनकी मांग के प्रति दिखाई गई गंभीरता पर आभार व्यक्त किया। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण से संबंधित वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को नियमानुसार तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।धरना समाप्ति के दौरान जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह परिहार, ग्राम प्रधान सरिता देवी, ग्रामीण भरत सिंह, चंद्र सिंह, पार्वती देवी बीरमा देवी, तुलसी देवी, प्रकाश परिहार सहित अन्य कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
