अल्मोड़ा-ताकुला विकासखंड के पाटिया गांव में मंगलवार को गोवर्धन पूजा के अवसर पर सदियों पुरानी परंपरा के तहत पाषाण युद्ध बग्वाल का आयोजन हुआ।पचघटिया में आयोजित इस अनूठी बग्वाल में पाटिया,भटगांव,कोट्यूड़ा और कसून गांवों के बग्वालीवीरों ने हिस्सा लिया। पाटिया और भटगांव के लोग एक खाम,जबकि कोट्यूड़ा और कसून के लोग दूसरे खाम के रूप में आमने-सामने रहे।परंपरा के अनुसार दोनों खाम पचघटिया नदी के अलग-अलग किनारों पर रहकर एक-दूसरे पर पत्थरों की बौछार करते हैं।दोनों पक्षों का उद्देश्य विपक्षी खाम के लोगों को नदी का पानी पहले पीने से रोकना होता है। बग्वाल की शुरुआत पाटिया गांव के मैदान में गाय की पूजा के साथ हुई।मान्यता है कि पिलख्वाल खाम के लोग खेत में चीड़ की टहनी गाड़कर बग्वाल शुरू करने की अनुमति मांगते हैं।इसके बाद दोनों पक्ष नदी के दोनों किनारों से एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं। इस वर्ष पाषाण युद्ध करीब एक घंटे तक चला। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। परंपरा के अनुसार बग्वाल का समापन तब हुआ, जब कोट्यूड़ा-कसून खाम के रवि सिंह बिष्ट नदी में पहुंचे और पानी पी लिया। युद्ध समाप्त होने के बाद दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर पानी छिड़ककर गले मिले और भाईचारे का संदेश दिया। इसके बाद एक-दूसरे को बधाई देते हुए अगले वर्ष फिर बग्वाल में मिलने का संकल्प लिया। बग्वाल के दौरान करीब एक दर्जन लोग हल्के रूप से घायल हुए। इस पाषाण युद्ध की खासियत यह है कि पत्थरों से चोटिल होने वाले योद्धा उपचार के लिए दवा के बजाय बिच्छू घास और उसी स्थान की मिट्टी का इस्तेमाल करते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह परंपरा वर्षों से आपसी सहभागिता के साथ चली आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और प्रशासन इस पारंपरिक आयोजन को प्रोत्साहित करें तो चंपावत की देवीधुरा बग्वाल की तरह पाटिया की बग्वाल को भी पर्यटन के मानचित्र पर पहचान मिल सकती है। बग्वाल देखने के लिए दूरदराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। आयोजन में क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि सोहन कुमार, प्रधान भावना आर्या, ग्राम प्रधान पाटिया प्रतिनिधि ललित प्रसाद, कोट्यूड़ा प्रधान प्रतिनिधि भुवन चंद्र, विनोद सिंह, जीवन लाल, मुकेश भट्ट, हरीश भट्ट, बंशी लाल, संजय कुमार, जगदीश राम, अजय कुमार और मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *