
अल्मोड़ा-नगर निगम अल्मोड़ा के लाला बाजार वार्ड के पार्षद कुलदीप सिंह मेर कम्मू ने मिलन चौक से जिला अस्पताल तक स्थित पटाल बाजार मार्ग की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक बाजारों में शामिल इस मार्ग की हालत आज बेहद दयनीय हो चुकी है।उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में मार्ग पर जगह-जगह पानी भरने और कीचड़ जमा होने से स्थानीय व्यापारियों,मरीजों,बुजुर्गों तथा आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।कुलदीप मेर ने कहा कि जिला अस्पताल जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग प्रमुख संपर्क मार्ग है लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है।हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है,जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है।कई स्थानों पर फिसलन बढ़ने से दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।उन्होंने कहा कि नगर की पहचान माने जाने वाले इस क्षेत्र की दुर्दशा चिंता का विषय है।व्यापारियों और स्थानीय निवासियों द्वारा समय-समय पर समस्या उठाए जाने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।पार्षद मेर ने नगर निगम एवं प्रशासन से मांग की कि पटाल बाजार मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा बरसात के दौरान जलभराव रोकने के लिए प्रभावी नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल सके और पटाल बाजार क्षेत्र की व्यवस्थाएं बेहतर हो सकें।
