अल्मोड़ा-अल्मोड़ा नगर निगम के पार्षदों ने नवरात्रि के पावन महीने में प्राकृतिक जल स्रोतों एवं प्राचीन नौलों के संरक्षण,संवर्धन एवं सफाई का जिम्मा लिया है।यहां बात कर रहे हैं झिझाड़ वार्ड के पार्षद अमित साह मोनू,पाण्डेयखोला वार्ड की पार्षद ज्योति साह,लक्ष्मेश्वर वार्ड के पार्षद अभिषेक जोशी एवं नन्दादेवी वार्ड के पार्षद अर्जुन बिष्ट चीमा की।इन पार्षदों ने नवरात्रि के इस महीने में नगर निगम अन्तर्गत प्राचीन नौलों के संरक्षण, संवर्धन एवं साफ सफाई की जिम्मेदारी ली है।इसकी शुरुआत उक्त पार्षदों के द्वारा आज गुरूरानीखोला के प्राचीन नौले की साफ सफाई के साथ की गयी।इस अवसर पर पार्षद अमित शाह मोनू ने कहा कि वर्तमान में प्राकृतिक जल स्रोत विलुप्त हो रहे हैं।हमारे प्राचीनतम नौलों जो पिछले समय में सैकड़ों लोगों के पेयजल के लिए पर्याप्त थे आज अपना अस्तित्व खो रहे हैं।ऐसे में बेहद आवश्यक है कि हम अपने इन प्राचीन नौलों एवं जल स्रोतों का संरक्षण करने के साथ इनके साफ सफाई की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए हम इन प्राकृतिक जल स्रोतों को विरासत स्वरूप आगे बढ़ा सकें।पार्षद ज्योति साह ने कहा कि ये प्राकृतिक जल स्रोत एवं नौले हमारी सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़े हैं तथा इन जल स्त्रोतों में जल देवता का निवास माना जाता है। इसलिए आवश्यक है कि इन नौलों को हम स्वच्छ रखें।पार्षद अर्जुन बिष्ट ने कहा कि ये नौलें गर्मियों के मौसम में नगरवासियों की प्यास बुझाने का भी काम करते हैं।बरसात के मौसम में जब गन्दा पानी नलों में आता है तो लोग इन्हीं नौलों में पीने का पानी भरने आते हैं।ऐसे में जब ये नौलों साफ एवं स्वच्छ रहेंगे तब बरसात में लोगों को स्वच्छ पेयजल यहां से मिल पाएगा।पार्षद अभिषेक जोशी ने कहा कि जल ही जीवन है इस वाक्य को हम बचपन से सुनते आ रहे हैं। वर्तमान में सरकार भी जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रयास कर रही है।तो ऐसे में आवश्यक है कि प्रकृति ने हमें वरदान स्वरूप जो प्राकृतिक स्त्रोत एवं नौलें दिए हैं हमें इनका संरक्षण करना चाहिए।इस अवसर पर पार्षद अमित शाह मोनू ने बताया कि लगातार नगर अन्तर्गत नौलों के संरक्षण एवं सफाई के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।नौले की सफाई कार्यक्रम में अतुल पाण्डेय एवं दिव्यांशु बिष्ट ने भी अपना पूर्ण सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *