अल्मोड़ा- नगर पालिका परिषद अल्मोड़ा के स्वर्गीय विजय जोशी सभागार में एक प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें अल्मोड़ा जनपद से दीक्षिता जोशी, जो मूल रूप से दन्या अल्मोड़ा की निवासी हैं उनके द्वारा भारतीय सिविल सेवा की परीक्षा आईएएस में 58वां स्थान प्राप्त करने पर तथा बख्शीखोला निवासी कान्हा जोशी द्वारा संघ लोक सेवा आयोग में असिस्टेन्ट कमांडेंट भर्ती परीक्षा पास कर देशभर में 16वां स्थान प्राप्त करने पर एवं हिफ़जान खान निवासी कैंट अल्मोड़ा द्वारा अंडर 14 फुटबाल में भारत की ओर से खेल कर विजयी होने पर नगर पालिका परिषद्, अल्मोडा द्वारा अल्मोड़ा नगर के नागरिकों की ओर से उनका माल्यार्पण कर, अंग वस्त्र भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह से उनका नागरिक सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ० लक्ष्मी कान्त ने कहा कि कड़ी मेहनत एवं लगन के साथ किसी भी सफलता को प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही बच्चों को अपना उद्देश्य स्पष्ट रखना चाहिए जिससे कि उन्हें यह पता चल सके कि उन्हें किस क्षेत्र में जाना है तथा उसी के अनुसार अपनी तैयारियां भी कर सकें। विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ० लक्ष्नी कान्त के संस्थान के पूर्णकालिक निदेशक बनने पर उनको भी बधाई दी गई, तथा उनको पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सभासद राजेन्द्र तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर दीक्षिता जोशी, कान्हा जोशी व हिफजान खान के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तीनों ही प्रेरणादायी प्रतिभाओं का होटल एसोसिएशन, बैटमिंटन एसोसिएशन, फुटबॉल एसोसिएशन आदि की तरफ से भी बधाई दी गई। कार्यक्रम में सम्मानित तीनों प्रतिभाओं ने सम्मान कार्यक्रम के आयोजन के लिए पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी तथा पालिका परिवार तथा उपस्थित सभी लोगों को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के साथ असफलताएं भी आती रहती हैं, जिन्हें दरकिनार कर सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य को पाने के लिए निरन्तर प्रयास करने चाहिए। उन्होनें अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अध्यापकों के साथ-साथ समाज को भी दिया। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि यह सम्मान अल्मोड़ा नगर के नागरिकों की ओर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे ऊँचे सपने देखते हैं तथा जिनके हौसले बुलन्द होते हैं, वही इस प्रकार की कठिन सफलता प्राप्त कर पाते हैं, और ये बच्चे आने वाली पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक का काम भी करेंगे। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि दीक्षिता जोशी ने जहाँ एक तरफ दुनिया की सबसे कठिन आईएएस परीक्षा बिना किसी कोचिंग के निकालकर यह दिखाया है कि कोई भी परीक्षा अपनी लगन व मेहनत के बल पर पास की जा सकती है, वहीं कान्हा जोशी ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक कमान्डेन्ट परीक्षा में देश भर में 16वाँ स्थान प्राप्त कर दिखाया कि हिन्दी माध्यम से भी देश भर में उच्च रैंकिंग प्राप्त की जा सकती है तथा हिफजान खॉन ने फुटबाल में अण्डर-14 भारतीय टीम में खेलकर यह दिखाया है कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल पर भी ध्यान देकर उच्च मंजिल हासिल की जा सकती है और खेलों में भी अपना कैरियर बनाया जा सकता है। पालिकाध्यक्ष ने युवाओं से अनुरोध किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी ध्यान केन्द्रित करें तथा नशे से दूर रहें। नशा युवा पीढ़ी को गर्त की ओर ले जा रहा है, अतः नशे से दूर रहकर सब कुछ हॉसिल किया जा सकता है। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, अल्मोड़ा भरत त्रिपाठी द्वारा धन्यवाद दिया गया। कार्यक्रम में अर्बन बैंक के पूर्व चेयरमैन आनन्द सिंह बगडवाल, वरिष्ट पत्रकार नवीन विष्ट, डे-केयर सेन्टर के अध्यक्ष हेमचन्द्र जोशी, कमल कुमार पाठक, सभासद दीपा साह, मनोज जोशी, कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज, पूर्व सभासद अशोक पाण्डे, हरीश कनवाल, डॉ० जे०सी० दुर्गापाल, केवल सती, नूर खॉन, लक्ष्मण सिंह ऐठानी, महेश लाल, पूर्व भाजपा अध्यक्ष रवि रौतेला, एलके पन्त, चन्द्रमणि भट्ट, डॉ० रमेश लोहनी, लक्ष्मण सिंह, नवीन जोशी, निर्मल जोशी, निर्मल रावत सहित नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
