
अल्मोड़ा-उत्तरांचल मिनिस्ट्रियल फेडरेशन, अल्मोड़ा की ओर से बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्मिकों ने काला फीता बांधकर गेट मीटिंग की और नारेबाजी करते हुए शासन एवं विभागीय अधिकारियों का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया। संगठन ने कार्मिकों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण तथा न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कनिष्ठ सहायकों का ग्रेड वेतन 2000 रुपये से बढ़ाकर 2800 रुपये किए जाने, मिनिस्ट्रियल संवर्ग के पदों का कार्यभार एवं विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप पुनर्गठन कर पर्याप्त पद सृजित करने, मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की कॉमन सेवा नियमावली प्रख्यापित करने तथा सेवा नियमावलियों में आवश्यक संशोधन करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा गोल्डन कार्ड की सुविधा एवं उपचार संबंधी देयकों का समयबद्ध लाभ देने, एसीपी/एमएसीपी का लाभ समय पर उपलब्ध कराने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की गई।कार्मिकों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई, विभिन्न संवर्गों में लंबित पदोन्नति प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण तथा पात्र कार्मिकों को समयबद्ध पदोन्नति का लाभ देने की भी मांग रखी। साथ ही मिनिस्ट्रियल कार्मिकों से संबंधित सेवा विसंगतियों का परीक्षण कर उनका निराकरण किए जाने पर जोर दिया।
सभा को उत्तराखंड फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल ऑर्गनाइजेशन, अल्मोड़ा इकाई के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ललित कुमार भट्ट, फेडरेशन के कुमाऊं मंडल महामंत्री पंकज जोशी, संगठन के जिला मंत्री महेंद्र सिंह गुसाईं तथा कुमाऊं मंडल अध्यक्ष मोहित कनवाल ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि मिनिस्ट्रियल कार्मिक लंबे समय से विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।प्रदर्शन में महेंद्र सिंह गुसाईं, हरीश जोशी, अंकित गुप्ता, राकेश भट्ट, मोहित वर्मा, दीपा पांडे, प्रिया मल्ल, हर्षा बिष्ट, पुष्पा रावत, जानकी कांडपाल, प्रमोद भंडारी, मीना जोशी, चंद्रशेखर, मोहित कनवाल, तारा भंडारी, मनीष तिवारी, राजेंद्र लटवाल, अभी जोशी, हिमांशु रावत, धीरेन्द्र डसीला, प्रशांत गैलाकोटी, विजय कनवाल, रवि कुमार आदि मौजूद रहे। कार्मिकों ने अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की।
