






अल्मोड़ा-लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच अल्मोड़ा नगर में आपदा का खतरा बढ़ गया है। थाना बाजार स्थित करीब 100 वर्ष पुराना एक आवासीय भवन जर्जर होकर खतरे की जद में आ गया है, जबकि सेलाखोला वार्ड में भी भारी बारिश से हुए नुकसान के बाद नगर निगम ने राहत एवं सुधार कार्य तेज कर दिए हैं। महापौर अजय वर्मा ने दोनों क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना बाजार में स्थित पुराने भवन में बड़ी-बड़ी दरारें आने के बाद महापौर अजय वर्मा मौके पर पहुंचे और भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि लगातार बारिश से भवन की नींव कमजोर हो गई है और किसी भी समय हादसा हो सकता है। इसे देखते हुए भवन में रह रहे सभी परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए। उधर, सेलाखोला वार्ड में हालिया बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए महापौर ने सहायक नगर आयुक्त और तकनीकी अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्गों, अवरुद्ध नालियों, जलभराव वाले क्षेत्रों और सुरक्षा दीवारों का निरीक्षण कर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बंद पड़ी जल निकासी व्यवस्था को तत्काल सुचारू किया जाए तथा क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की सफाई और नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम ने लगातार हो रही वर्षा के मद्देनजर जर्जर भवनों के चिन्हीकरण और निगरानी का अभियान भी तेज कर दिया है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
