

अल्मोड़ा-उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में सोमवार को सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन अभियान के तहत धारानौला बाजार एवं आसपास के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह,ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा शामिल रहे।टीम ने मेडिकल स्टोरों में उपलब्ध दवाइयों की जांच करते हुए विशेष रूप से एक्सपायर्ड दवाइयों की स्थिति का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को नियमानुसार कैश मेमो संधारित करने, एक्सपायरी दवाइयों के लिए अलग से लेबलयुक्त एक्सपायरी बॉक्स बनाने, प्रत्येक ग्राहक को दवा का बिल उपलब्ध कराने तथा एक्सपायरी दवाइयों के सुरक्षित रखरखाव और निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और औषधि संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के लिए भी कहा गया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित दवा-सुरक्षित जीवन अभियान का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित दवाइयां उपलब्ध कराना, दवा विक्रेताओं में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा औषधि वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि दवा बिक्री से जुड़े सभी मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
