
अल्मोड़ा-राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं बेस अस्पताल अल्मोड़ा में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह बिष्ट ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले गरीब मरीजों को बाहर से दो से तीन हजार रुपये तक की महंगी दवाइयां खरीदने के लिए लिखी जा रही हैं। इसके साथ ही कई मरीजों को बेहतर उपचार के नाम पर हल्द्वानी रेफर किया जा रहा है।नरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं, लेकिन बाहर से महंगी दवाइयां खरीदने और फिर हल्द्वानी जाकर उपचार कराने के कारण गरीब परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रेफर होने पर मरीजों और उनके तीमारदारों को आने-जाने, रहने और खाने-पीने पर भी अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है।उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह स्थिति बेहद कठिन हो जाती है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति करने और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने की मांग उठाई।बिष्ट ने सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग से अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों को रेफर किए जाने की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की। उन्होंने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है और मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहाड़ के मरीजों की समस्याएं पहुंचाने का आग्रह किया है।
