
अल्मोड़ा-रानीखेत कोतवाली पुलिस ने तीन दिन से लापता 45 वर्षीय महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। महिला के मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण परिजन उसकी तलाश को लेकर चिंतित थे। पुलिस के अनुसार रानीखेत क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 45 वर्षीय बहन रविवार दोपहर करीब एक बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की। प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए लगातार तलाश अभियान चलाया। बुधवार को पुलिस ने महिला को जागेश्वर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए रानीखेत पुलिस का आभार व्यक्त किया।
