





अल्मोड़ा-स्याल्दे तहसील के रतखेत बसई गांव में खेत-क्यारियों को लेकर चल रहे विवाद ने शनिवार को खूनी रूप ले लिया।गाली-गलौज और कहासुनी के दौरान एक 75 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति ने 65 वर्षीय महिला पर लोहे की दराती से सिर और शरीर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्याल्दे पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद फरार हुए नामजद आरोपी को देघाट पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की दराती भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को हरीश चंद्र ने दूरसंचार माध्यम से थाना देघाट को सूचना दी कि ग्राम रतखेत में राजे सिंह नामक व्यक्ति ने उनकी बहन के साथ गाली-गलौज करते हुए दराती से हमला कर दिया है और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका के भाई हरीश चंद्र ढौडियाल की तहरीर पर थाना देघाट में राजे सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला मु0 FIR संख्या 13/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत पंजीकृत किया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिछले करीब चार वर्षों से घर के सामने स्थित खेती और क्यारियों को लेकर उसके तथा उसके परिजनों का मृतका के साथ विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी क्रम में 19 सितंबर को दोनों के बीच गाली-गलौज और कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने दराती से हमला कर दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने अधिकारियों को घटनास्थल का गहन निरीक्षण करने और मामले की वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में पहाड़ी और जंगल क्षेत्र में करीब ढाई घंटे तक कॉम्बिंग की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की दराती बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजे सिंह उर्फ राजा बाबू उर्फ राजेन्द्र सिंह (75 वर्ष), पुत्र दौलत सिंह, निवासी ग्राम रतखेत बसई, तहसील स्याल्दे, थाना देघाट, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष एवं विवेचक अजेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक गंगा राम गोला, हेड कांस्टेबल नीरज बिष्ट, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा तथा कांस्टेबल अशोक बिष्ट शामिल रहे।
