अल्मोड़ा-भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस आज विकास कार्यों का विरोध कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है जबकि सच्चाई यह है कि पिछले लगभग 20 वर्षों तक जागेश्वर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कांग्रेस के विधायक करते रहे लेकिन उस दौरान क्षेत्र को अपेक्षित विकास नहीं मिल सका।उन्होंने कहा कि दो दशक तक सत्ता और प्रतिनिधित्व में रहने के बावजूद कांग्रेस सड़क, स्वास्थ्य,शिक्षा,पेयजल और पर्यटन जैसे मूलभूत विषयों पर ठोस काम करने में विफल रही। आज जब भाजपा सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास की नई गति दे रही है तो कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही और निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आई है।विनीत बिष्ट ने कहा कि जागेश्वर विधानसभा के लोग वर्षों तक विकास के नाम पर केवल आश्वासन सुनते रहे लेकिन धरातल पर कोई बड़ा परिवर्तन नहीं दिखा।अब भाजपा सरकार जनभावनाओं के अनुरूप क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के तहत प्राचीन और ऐतिहासिक तीर्थस्थल जागेश्वर के लिए विशेष विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं। जागेश्वर धाम को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं।विनीत बिष्ट ने कहा कि सड़क संपर्क,पार्किंग, सौंदर्यीकरण,तीर्थयात्री सुविधाएं,पर्यटन अवसंरचना और स्थानीय रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।इससे जागेश्वर धाम को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी 20 वर्षों में क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में नहीं ला सकी वह आज विकास कार्यों का विरोध कर रही है।यह जनता के साथ छलावा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब न कोई विजन बचा है और न ही कोई जनाधार इसलिए वह केवल विरोध की राजनीति तक सीमित रह गई है।अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और जागेश्वर धाम का विकास उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब अवश्य देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *