अल्मोड़ा-यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से आरटीओ एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने लोधिया चेक पोस्ट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 चालान किए गए, जबकि बिना फिटनेस, परमिट, टैक्स और बीमा के संचालित पाए गए एक वाहन को सीज कर दिया गया।आरटीओ के ट्रांसपोर्ट ऑफिसर अखिलेश चौहान के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में वाहन चालकों के दस्तावेजों,लाइसेंस और वाहनों से संबंधित जरूरी कागजातों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान कई वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करते हुए नहीं पाए गए,जिसके बाद उनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।ट्रांसपोर्ट ऑफिसर अखिलेश चौहान ने बताया कि विशेष रूप से दूसरे राज्यों से आने वाले दोपहिया वाहन चालकों द्वारा बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहन संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए लोधिया चेक पोस्ट पर विशेष अभियान चलाकर वाहनों की सघन जांच की गई।उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि प्रत्येक वाहन चालक को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के साथ ही स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
चेकिंग के दौरान बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर पांच चालान किए गए।इसके अलावा यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों में अन्य चालान किए गए।वहीं वाहन के पास आवश्यक फिटनेस, परमिट,टैक्स एवं बीमा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर एक वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया।आरटीओ एवं पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई से वाहन चालकों में भी हड़कंप मचा रहा।टीम ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर आगे भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।अभियान में आरटीओ के ट्रांसपोर्ट ऑफिसर अखिलेश चौहान, कांस्टेबल महेंद्र सिंह, चालक विपिन बिनवाल, महिला थाना एनटीडी की उप निरीक्षक बीना दोसाद, कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी, राजेंद्र नाथ गोस्वामी सहित अन्य पुलिस एवं परिवहन विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।
