


नैनीताल-कुमाऊँ विश्वविद्यालय नैनीताल में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रीतेश साह ने की।इस अवसर पर केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं तथा वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के ऐतिहासिक घटनाक्रम,आंदोलनकारियों के संघर्ष और राज्य निर्माण के बाद विकास की यात्रा पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम में कुलसचिव प्रो. रीतेश साह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण एक लंबे जनसंघर्ष, जनभागीदारी और असंख्य लोगों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है।राज्य निर्माण के आंदोलन में अनेक लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया और कई आंदोलनकारियों ने इसके लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नैनीताल ने भी इस आंदोलन के दौरान स्वर्गीय प्रताप सिंह जैसे समर्पित आंदोलनकारी को खोया।उन्होंने मुजफ्फरनगर, खटीमा,मसूरी और नैनीताल सहित विभिन्न स्थानों पर राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि एक उच्च शिक्षण संस्थान के रूप में विश्वविद्यालय का दायित्व केवल शिक्षा एवं शोध तक सीमित नहीं है,बल्कि राज्य के इतिहास,सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और राज्य निर्माण के संघर्ष से जुड़ी स्मृतियों को संरक्षित रखना तथा नई पीढ़ी को इनसे परिचित कराना भी है। उत्तराखंड की भावी विकास यात्रा में विश्वविद्यालयों की भूमिका ज्ञान,शोध और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं,बल्कि राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों, आंदोलनकारियों के सपनों और उत्तराखंड के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारियों को स्मरण करने का भी दिन है।इस अवसर पर अधिष्ठाता बायोमेडिकल साइंस प्रो. महेन्द्र राणा,विभागाध्यक्ष लॉ डॉ. सुरेश पाण्डे एवं अभिराम पन्त ने भी अपने विचार व्यक्त किए।वक्ताओं ने उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान,प्राकृतिक एवं मानवीय संसाधनों,शैक्षिक संभावनाओं तथा भविष्य की विकास संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की।उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति के लिए शिक्षा,शोध,स्थानीय संसाधनों का संवर्धन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम के अंत में उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता,पूर्व विधायक एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। डॉ जंतवाल के निधन को राज्य एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।कार्यक्रम का संचालन डॉ. मोहित सनवाल ने किया।इस अवसर पर अभिराम पन्त, नीरज साह,अकरम अली, नीरज जोशी,कैलाश जोशी, जगदीश चंद्र, पूनम, ओमप्रकाश सगटा,शैलजा वर्मा,नवल बिनवाल,मनोज कुमार,कैलाश जोशी सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।
