

अल्मोड़ा-कुमाऊं महोत्सव 2026 के द्वितीय दिवस एवं स्टार नाइट के प्रथम दिवस का शुभारंभ रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मनमोहन चौधरी ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि भूपेंद्र वाल्दिया सहित कुमाऊं महोत्सव के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी,मुख्य संयोजक हरीश कनवाल, रंगकर्मी देवेंद्र भट्ट (रिक्की भाई),शमशाद पिथौरागढ़ी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत ओपन माइक प्रस्तुतियों से हुई जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।इसके बाद वाद्य यंत्र प्रतियोगिता का फाइनल आयोजित किया गया।प्रतियोगिता के परिणाम कुमाऊं महोत्सव के अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे।स्टार नाइट के मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध लोकगायक राकेश खानवाल रहे।उन्होंने अपने लोकप्रिय गीत ‘क्रीम पाउडर’, ‘मोहना मधुली’, ‘काला सूट’, ‘हिमाली’ और ‘हिट मधु’ सहित कई गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।कार्यक्रम में गोपाल चम्याल एवं विक्की गतियार ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांधा।वहीं नाविका जैरा द्वारा प्रस्तुत योग नृत्य ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया और खूब तालियां बटोरीं।इस दौरान ओपन माइक कार्यक्रम के प्रायोजक रमेश नंदी को भी सम्मानित किया गया।विभिन्न सांस्कृतिक और संगीत प्रस्तुतियों के साथ कुमाऊं महोत्सव की स्टार नाइट का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।आयोजकों ने आगामी कार्यक्रमों में भी लोगों से बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
