अल्मोड़ा-कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने बताया कि कण्डारकुवा में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बूथ कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में संगठन की मजबूती,आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा बूथ स्तर पर कांग्रेस को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने आगे बताया कि इस दौरान कांग्रेस के प्रति लोगों में बढ़ते विश्वास और उत्साह का परिचय उस समय देखने को मिला जब भारतीय जनता पार्टी एवं उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) को छोड़कर लगभग दर्जनों लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।सभी नए सदस्यों को कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने पार्टी की सदस्यता दिलाई और कांग्रेस परिवार में उनका स्वागत किया।उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से निराश हो चुकी है तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित की राजनीति में अपना विश्वास जता रही है।भोज ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी,भ्रष्टाचार,पलायन और किसानों की समस्याओं ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं,ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और पहाड़ की जनता लगातार अपनी मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।सरकार की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं,जबकि धरातल पर जनता को राहत नहीं मिल पा रही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीब,किसान,मजदूर, युवा,महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है।कांग्रेस का उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना मात्र नहीं बल्कि जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा करना है।जिलाध्यक्ष ने नवनियुक्त सदस्यों से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाएं।बूथ कमेटियों को मजबूत बनाकर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करें ताकि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच पहुंचे।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जिले की प्रत्येक विधानसभा और प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पार्टी में युवाओं,महिलाओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी संगठन विस्तार और आगामी चुनाव की रणनीति पर अपने विचार रखे।सभी ने एकजुट होकर कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य करने तथा जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि जनता का यह समर्थन आने वाले समय में उत्तराखंड में बदलाव की मजबूत शुरुआत साबित होगा।भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनता की इस उम्मीद पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।कार्यक्रम मे राजेंद्र बराकोटी,जिला पंचायत सदस्य निशा कनवाल,अमरजीत भाकुनी, गोपाल कनवाल,गजेंद्र फर्तियाल,रमेश भंडारी,महेंद्र फर्तियाल,राम सिंह परिहार, देवेंद्र बिष्ट,त्रिलोक सिंह सुन्दर लाल,गीता गोस्वामी,नरेंद्र बिष्ट, देब सिंह कनवाल सहित सेकड़ो लोग शामिल रहे।
