

अल्मोड़ा-जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित 20 सूत्रीय एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की लक्ष्यवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति प्रत्येक विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल लक्ष्य प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि योजनाओं एवं कार्यक्रमों का वास्तविक और शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लक्ष्यों के अनुरूप किए जाने वाले सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपादित किए जाएं।उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग नियमित रूप से अपने कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रगति में आने वाली बाधाओं का समय रहते निराकरण सुनिश्चित करे, ताकि निर्धारित अवधि में सभी लक्ष्य पूरे किए जा सकें।बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अपेक्षित प्रगति न होने वाले विभागों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी अधिकारी इस दिशा में समन्वित एवं उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कार्य करें।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
