










अल्मोड़ा-रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा की ओर से सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।इस दौरान रेडक्रॉस सदस्यों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त पाई गई। इस पर सदस्यों ने अस्पताल प्रशासन सहित सी एम एस डॉ एच सी गडकोटी की सराहना की।अभियान के दौरान रेडक्रॉस सदस्यों ने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों,उनके तीमारदारों तथा अन्य लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।उन्होंने लोगों से अस्पताल परिसर में गंदगी नहीं फैलाने,कूड़े को निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।रेडक्रॉस सदस्यों ने कहा कि जिला चिकित्सालय जैसे संवेदनशील स्थानों पर स्वच्छता का विशेष महत्व है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर का स्वच्छ रहना न केवल मरीजों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि संक्रमण के खतरे को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अस्पताल की स्वच्छता बनाए रखना केवल सफाई कर्मचारियों या अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें चिकित्सालय पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही अस्पताल के प्रति लोगों का विश्वास भी बढ़ाता है। इसके लिए जरूरी है कि लोग स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।रेडक्रॉस सोसाइटी ने जिला चिकित्सालय में बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्पताल प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा कि संस्था की ओर से जनहित में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन में सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर रेडक्रॉस चेयरमैन आशीष वर्मा,रेडक्रॉस प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल,रेडक्रॉस चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉक्टर जे.सी. दुर्गापाल,यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू,यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू,पार्षद कमलेश सिंह मेर,रेड क्रॉस वरिष्ठ सदस्य हरीश सिंह कनवाल,रेडक्रॉस वरिष्ठ सदस्य कृष्ण बहादुर सिंह, रेडक्रॉस वरिष्ठ सदस्य गिरीश धवन शामिल रहे।
