बेरीनाग/पिथौरागढ़- उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान जन-जन की सरकार, जनप्रशासन गांव की ओर के तहत सोमवार को विकासखंड बेरीनाग की न्याय पंचायत पुरानाथल में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्य युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने प्रतिभाग कर क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना।इस अवसर पर कुंदन लटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार शासन और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आम जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते,बल्कि विभिन्न विभाग स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और उनका समाधान करते हैं। यह अभियान सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक प्रभावी पहल है।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई।पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और जनसमस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।कुंदन लटवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार का लक्ष्य विकास की हर योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य,रोजगार,सड़क, पेयजल और स्वरोजगार सहित सभी क्षेत्रों में समान रूप से कार्य कर रही है,ताकि प्रदेश के प्रत्येक गांव का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी,जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं,जिनके त्वरित समाधान का भरोसा दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *