


अल्मोड़ा-बाड़ेछीना क्षेत्र स्थित पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के गुफाताल (अमर गुफा) के विकास और इसे पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को पूर्व मंडल उपाध्यक्ष पंडित कैलाश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी अंशुल सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गुफाताल आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला के निर्माण की मांग की गई। साथ ही मुख्य मार्ग से गुफाताल तक सुगम संपर्क मार्ग, आधुनिक शौचालय, ध्यान के लिए पार्क तथा जागेश्वर-पिथौरागढ़ मुख्य मार्ग पर भव्य स्वागत द्वार बनाने की आवश्यकता भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन सुविधाओं के विकसित होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि गुफाताल के विकास संबंधी प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री से शीघ्र वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुफाताल को पर्यटन एवं धार्मिक सर्किट से जोड़ने तथा क्षेत्र में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।गुफाताल के विकास की मांग को लेकर की गई इस पहल से क्षेत्रवासियों और धार्मिक संगठनों में उत्साह का माहौल है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि सरकार के सहयोग से इस पौराणिक स्थल का समग्र विकास होगा और यह धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
