



अल्मोड़ा-राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा को शुक्रवार को नया प्राचार्य मिल गया। वरिष्ठ चिकित्सक एवं प्रशासक डॉ. गोविन्द सिंह तितियाल ने आज राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के प्राचार्य पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। हाल ही में हुए प्रशासनिक तबादलों के तहत उनका स्थानांतरण सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज किया गया था।डॉ. तितियाल चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशासन के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं।इससे पूर्व वह सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में प्राचार्य के पद का सफलतापूर्वक दायित्व निभा चुके हैं।इसके अलावा उन्होंने मेडिकल कॉलेज में नेत्र रोग विभागाध्यक्ष तथा चिकित्सा अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। चिकित्सा शिक्षा,अस्पताल प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में उनके अनुभव को देखते हुए उनके अल्मोड़ा आगमन को मेडिकल कॉलेज के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में सादे समारोह का आयोजन किया गया।इस दौरान कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डी.सी. पुनेरा, नोडल एडमिन डॉ. अनिल पांडे,डॉ. उर्मिला परलिया,डॉ. अंतरनयन,दीपक जोशी, चंदन बिष्ट सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।सभी ने नवागत प्राचार्य का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. गोविन्द सिंह तितियाल के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सेवाओं,शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य होंगे।वहीं डॉ. तितियाल ने भी सभी के सहयोग से मेडिकल कॉलेज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की बात कही।
