खटीमा/लुधियाना-उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्र खटीमा के लिए गौरव का क्षण उस समय आया,जब योग एवं योग शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. नवीन भट्ट को पंजाब के लुधियाना में आयोजित पंजाब हेल्थ एंड वेलनेस अवॉर्ड्स 2026 के अंतर्गत प्रतिष्ठित योग रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।पंजाब की धरती पर खटीमा के इस बेटे को मिले सम्मान से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
लुधियाना स्थित क्ले वर्ल्ड स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह का आयोजन एवरेस्ट योगा एंड पिलेट्स इंस्टिट्यूट एवं इंडियन योगा एसोसिएशन पंजाब चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।समारोह में डॉ. नवीन भट्ट को योग के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान,समर्पण और योग शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में स्वामी जीता नन्द, लुधियाना ईस्ट के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल, स्वामी आशुतोष, क्ले वर्ल्ड स्कूल के सी ई ओ शोभान,आचार्य विपिन जोशी,एवरेस्ट योगा एंड पिलेट्स इंस्टिट्यूट के संस्थापक संजीव त्यागी, कविता त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सम्मान-पत्र में डॉ. नवीन भट्ट के योग के प्रति असाधारण समर्पण,गहन ज्ञान और योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।साथ ही योगिक मूल्यों को बढ़ावा देने, लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने तथा योग की सनातन ज्ञान-परंपरा को समाज तक पहुंचाने के उनके प्रयासों को सम्मान का आधार बताया गया।सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. नवीन भट्ट ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान से कहीं बढ़कर है। उन्होंने कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि खटीमा की जनता के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का सम्मान है। मैं इस सम्मान को खटीमा की जनता और अपने उन सभी गुरुजनों, साथियों एवं शुभचिंतकों को समर्पित करता हूं, जिन्होंने हमेशा मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।डॉ. भट्ट ने कहा कि योग महज व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर,शांत मन और संस्कारित समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है।उनका प्रयास रहेगा कि योग का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और युवा पीढ़ी योग को अपनी दिनचर्या एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाए।डॉ. नवीन भट्ट को मिला योग रत्न सम्मान खटीमा जैसे सीमांत क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सम्मान इस बात का उदाहरण है कि छोटे शहर और सीमांत क्षेत्र से निकलकर भी प्रतिभा, ज्ञान, निरंतर साधना और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।पंजाब की धरती पर योग के क्षेत्र में डॉ. भट्ट को मिले इस सम्मान से खटीमा और उत्तराखंड का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।क्षेत्र के लोगों ने इसे अपने लिए गर्व का विषय बताते हुए डॉ. नवीन भट्ट को शुभकामनाएं दी हैं।खटीमा की माटी से पंजाब तक पहुंची योग की यह उपलब्धि निश्चित रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का संदेश है।डॉ. नवीन भट्ट की इस सफलता ने खटीमा के नाम को योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *