अल्मोड़ा-भाजपा नगर अध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक के निदेशक विनीत बिष्ट ने धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति प्रयोग की गई अमर्यादित भाषा की कड़े शब्दों में निंदा की है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल किसी राजनीतिक दल के नेता नहीं बल्कि प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन जनप्रतिनिधि हैं। उनके प्रति सार्वजनिक रूप से अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक शुचिता के विपरीत है।राजनीतिक मतभेद होना स्वाभाविक है,लेकिन मतभेदों को व्यक्त करने की भी एक मर्यादा होती है,जिसका पालन प्रत्येक जनप्रतिनिधि को करना चाहिए।विनीत बिष्ट ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने और जनसमस्याओं को उठाने का पूरा अधिकार है,लेकिन इस अधिकार की आड़ में मुख्यमंत्री के सम्मान और पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। मुख्यमंत्री के प्रति इस प्रकार की भाषा का प्रयोग न केवल निंदनीय है, बल्कि सार्वजनिक जीवन की मर्यादाओं पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विधायक हरीश धामी की बयानबाजी देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वे अपने शीर्ष नेतृत्व की राजनीतिक शैली से ही प्रेरणा ले रहे हैं। राहुल गांधी की तरह ही सार्वजनिक मंचों से विवादित और अमर्यादित बयान देना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बनता जा रहा है। कांग्रेस नेताओं को यह समझना चाहिए कि राजनीतिक विरोध और व्यक्तिगत टिप्पणी में अंतर होता है। जनता जनप्रतिनिधियों से संयमित भाषा, सकारात्मक सोच और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा करती है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास, जनकल्याण और उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनकी नीतियों और कार्यों पर आलोचना हो सकती है, लेकिन मुख्यमंत्री पद की गरिमा का सम्मान करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है।विनीत बिष्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी भाषा और व्यवहार के प्रति जिम्मेदार होना चाहिए। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है।मुख्यमंत्री के सम्मान और संवैधानिक पद की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने नेताओं की भाषा और आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए, उसके बाद दूसरों को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पाठ पढ़ाना चाहिए। राजनीतिक विरोध लोकतंत्र की खूबसूरती है, लेकिन अमर्यादित भाषा लोकतंत्र की परंपरा नहीं हो सकती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *