

























अल्मोड़ा-धनतेरस पर्व के चलते अल्मोड़ा नगर के बाजारों में शुक्रवार को खूब चहल-पहल रही। खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ से नगर के अधिकांश बाजार दिनभर गुलजार रहे। लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार और जौहरी बाजार में सुबह से ही लोगों की आवाजाही बनी रही और देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा। बाजारों में पूजा सामग्री, बर्तन, मिठाई, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। धनतेरस को लेकर ज्वैलर्स, बर्तन व्यवसायी, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, गारमेंट्स, मिठाई विक्रेता और किराना व्यवसायी पिछले कई दिनों से दुकानों को सजाने-संवारने और पर्याप्त सामान जुटाने में लगे हुए थे। पर्व के दिन बाजार में ग्राहकों की अच्छी संख्या पहुंचने से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। खासकर बर्तनों की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। लोगों ने धनतेरस पर नए बर्तन और घरेलू उपयोग का सामान खरीदा। फर्नीचर की दुकानों पर भी लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार बेड, सोफा, टेबल, कुर्सी और अन्य घरेलू सामान की खरीदारी की। स्वर्ण आभूषणों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। कई लोगों ने धनतेरस के अवसर पर सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान की खरीदारी की। वहीं बिजली की झालरों, सजावटी लाइटों और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों ने धनतेरस को देखते हुए विभिन्न तरह के सामान को आकर्षक ढंग से सजाया था। बाजार में सजावट की सामग्री के फड़ भी सजे रहे। मिट्टी के दीयों, फूल-मालाओं, गुलदस्तों और अन्य पूजा व सजावटी सामग्री की लोगों ने जमकर खरीदारी की। घरों को सजाने के लिए ऐपण और अन्य पारंपरिक सजावटी सामान भी लोगों की पसंद में रहा। धनतेरस के चलते बाजारों में पूरे दिन त्योहार जैसा माहौल बना रहा और दुकानदार देर शाम तक ग्राहकों को सामान उपलब्ध कराने में व्यस्त रहे।
