



अल्मोड़ा-सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अपने घरों के आगे दीप जलाकर फोटो-वीडियो साझा करने के निर्देशों पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस जिला सचिव गीता मेहरा ने इसे सरकारी योजनाओं का राजनीतिक प्रचार करने की कोशिश बताते हुए कहा कि जनता को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का श्रेय किसी व्यक्ति विशेष को देकर लाभार्थियों से कृतज्ञता प्रदर्शन करवाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।गीता मेहरा ने कहा कि आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर जिसने जीवन संवारा,उसे आशीर्वाद हमारा थीम के तहत लाभार्थियों से शाम सात बजे दीप प्रज्वलित करने और उसके फोटो-वीडियो साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।स्वयं सहायता समूह,ग्राम संगठन,सीएलएफ,लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल करने की कवायद की जा रही है।उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का पैसा प्रधानमंत्री या किसी नेता की निजी संपत्ति से नहीं आता, बल्कि देश की जनता द्वारा दिए गए टैक्स और सरकार के बजट से आता है।जरूरतमंद नागरिकों को आवास, रोजगार,आर्थिक सहायता अथवा अन्य सुविधाएं देना सरकार की जिम्मेदारी और जनता का अधिकार है।ऐसे में सरकारी योजनाओं के लाभ को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से जोड़कर लाभार्थियों से दीप जलवाना और उनकी तस्वीरें मंगवाना सरकारी तंत्र के राजनीतिक इस्तेमाल का उदाहरण है।गीता मेहरा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गरीब,किसान,महिला और जरूरतमंद वर्ग के हित में काम कर रही है तो उसे योजनाओं के प्रचार के बजाय उनके क्रियान्वयन और पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने पर ध्यान देना चाहिए।सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किसी व्यक्ति विशेष की छवि चमकाने के लिए किया जाना गंभीर आपत्ति का विषय है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह के निर्देशों का पुरजोर विरोध करती है।सरकारी योजनाओं को राजनीतिक कार्यक्रमों से अलग रखा जाना चाहिए।यदि लाभार्थियों पर इस प्रकार के कार्यक्रमों में शामिल होने का दबाव बनाया गया अथवा निर्देश वापस नहीं लिए गए तो कांग्रेस इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
