अल्मोड़ा-कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 की भारी बढ़ोतरी के विरोध में अल्मोड़ा कांग्रेस ने आज जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इस बढ़ोतरी को जनविरोधी बताते हुए तत्काल कीमतें वापस लेने की मांग उठाई।कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में लगातार महंगाई बढ़ती जा रही है,जिसका सबसे ज्यादा असर आम जनता,छोटे व्यापारियों और होटल-रेस्टोरेंट व्यवसायियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार महंगाई पर नियंत्रण की बात करती है,वहीं दूसरी ओर कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में इतनी बड़ी वृद्धि कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर केवल राजस्व बढ़ाने में लगी हुई है।उन्होंने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से रेस्टोरेंट,ढाबा और अन्य छोटे व्यवसायों की लागत में भारी इजाफा होगा,जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।ऐसे में आम लोगों के लिए बाहर खाना या सेवाएं लेना और महंगा हो जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता पहले ही बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई से जूझ रही है।ऐसे समय में इस तरह का फैसला आग में घी डालने जैसा है।कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी निर्णय का पुरजोर विरोध करती है और सरकार से मांग करती है कि तत्काल प्रभाव से कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस लिए जाएं।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस फैसले को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा जनता और व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट,सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अरविंद रौतेला,जिला उपाध्यक्ष विनोद वैष्णव,यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम फर्त्याल,दीप डांगी, गोविंद बल्टयाल, नारायण दत्त पांडे, वीके पांडे, शरद शाह, दीपा शाह, जिला महासचिव निर्मल रावत, दिनेश पिलखवाल, पार्षद मुकेश कुमार, विकास कुमार, वैभव पांडे, देवेन्द्र धोनी, किरण आर्य, प्रवीण भोज, जगदीश पांडे, गोपाल भट्ट, इसरार अहमद, रवींद्र कुमार टम्टा, भैरव गोस्वामी, अल्मोड़ा व्यापार मंडल महासचिव वकुल साह, अजय नेगी, पंकज भैसोड़ा, कार्तिक साह, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुशील साह, पारस डसीला, एडवोकेट महेश चंद्र आर्य, जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह भाकुनी, अनूप सिंह, राज चौहान, दीपेश कांडपाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं व्यापारी मौजूद रहे।प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही इस निर्णय को वापस नहीं लिया, तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं,बल्कि आम जनता,छोटे व्यापारियों और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों की लड़ाई है,जिसे हर हाल में जारी रखा जाएगा।
